लखीसराय में नेशनल हाईवे-80 पर सोमवार तड़के तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के आदुपुर गांव के पास हुआ। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में लिया है।
नेशनल हाईवे-80 पर सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के आदुपुर गांव के समीप सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूर्यगढ़ा से लखीसराय की ओर जा रही बाइक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार मालवाहक पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप दोनों युवकों और बाइक को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे के बाद दोनों युवकों के गांवों में मातम छा गया।
हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के अंदर फंस गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने वाहन का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर सूर्यगढ़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
पढे़ं: पवन सिंह ने अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से मांगी माफी, बोले- फिर साथ बने जोड़ी
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लखीसराय भेज दिया है। युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। दोनों गांवों में शोक का माहौल है।