जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत बिठरा गांव के पास सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया, जब यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। सौभाग्यवश इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस चकाई से मुंगेर की ओर जा रही थी। जैसे ही वह सोनो-जमुई मुख्य मार्ग (एनएच-333) पर स्थित बिठरा के पास पहुंची, उसी दिशा में जा रहे एक हाईवा वाहन ने अचानक ओवरटेक करते हुए बस को चकमा दे दिया। इससे ड्राइवर का नियंत्रण बस पर से हट गया और वह सड़क किनारे पलट गई।
पढ़ें: सेन्ट्रल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में डायलिसिस यूनिट का शुभारंभ, मरीजों को मिलेगी ये सुविधाएं
बस में कुल 30 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सोनो में भर्ती कराया। बस के खलासी रोहित सिंह ने बताया कि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही सोनो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थाना अध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि हाईवा वाहन की लापरवाही से बस दुर्घटनाग्रस्त हुई। फिलहाल बस को सड़क से हटाने और यातायात बहाल करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।