मुंगेर जिले में लगातार हो रही रुक-रुक कर बारिश के कारण जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मामला सदर प्रखंड अंतर्गत गंगा पार स्थित कुतलुपुर पंचायत के वार्ड संख्या-10 का है, जहां सोमवार को गांव के कुछ बच्चे गंगा घाट पर स्नान करने गए थे।
स्नान के दौरान 13 वर्षीय किशोर सन्नी कुमार गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जब साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाया तो गांव के लोग मौके पर पहुंचे और किशोर की खोजबीन शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद उसका शव गंगा से बाहर निकाला गया।
पढे़ं: नाबालिग छात्रा के साथ घिनौनी हरकत, बेहोशी की हालत में पाई गई सुनसान जगह पर; दो आरोपी गिरफ्तार
मृतक की पहचान सन्नी कुमार के रूप में हुई है, जो कुतलुपुर निवासी राम प्रवेश राम का पुत्र था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि गंगा में डूबने से एक किशोर की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।