बेगूसराय जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। एनएच-31 फोरलेन पर सिंघौल थाना क्षेत्र के पासीखाना के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के मटिहानी गांव निवासी परमानंद महतो के 38 वर्षीय पुत्र विपिन महतो के रूप में हुई है। विपिन राजमिस्त्री का काम करता था और रोज की तरह साइकिल से काम पर जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें- Bihar News:सरकारी शिक्षक की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव; वैवाहिक विवाद की आशंका
पिकअप के बाद हुआ एक और हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विपिन को पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके कुछ ही क्षण बाद, पीछे से आ रही एक बड़ी गाड़ी भी पिकअप वैन से टकरा गई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घटनास्थल पर दौड़े, लेकिन तब तक विपिन की सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही सिंघौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा।
सोशल मीडिया के जरिए मिली मौत की सूचना
हादसे के बाद शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। लेकिन हादसे की तस्वीरें और वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुए, तब जाकर मटिहानी गांव के लोगों को पहचान हुई। उसके बाद मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
यह भी पढ़ें- Bihar News:ग्रामीणों की पत्थरबाजी से दो महिला समेत तीन पुलिसकर्मी घायल; दो Fir के बाद 26 आरोपियों को भेजा जेल
दोनों वाहन जब्त, पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने हादसे में शामिल पिकअप वैन और दूसरी गाड़ी दोनों को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और वाहन चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजन बेसुध हैं।