बेगूसराय में शराबबंदी की खुली पोल
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेगूसराय से सामने आई तस्वीरों ने शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और पुलिस प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के लोहियानगर झोपड़पट्टी क्षेत्र में दिनदहाड़े महुआ शराब बनाने की भट्ठियां चलने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि यह इलाका लोहियानगर थाना और नगर थाना क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है। जिस रास्ते से जिले के डीएम, एसपी समेत कई बड़े अधिकारी गुजरते हैं, उसके पास ही अवैध शराब निर्माण का कारोबार संचालित होने की बात सामने आई है।
दिन के उजाले में चल रहीं शराब की भट्ठियां
सामने आई तस्वीरों में कथित तौर पर बड़ी संख्या में लोग महुआ शराब बनाने की प्रक्रिया में जुटे दिखाई दे रहे हैं। मौके पर शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सामान और भट्ठियां भी नजर आ रही हैं। तस्वीरों से इलाके में अवैध शराब निर्माण के बड़े पैमाने पर संचालित होने की आशंका जताई जा रही है।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब शहरी इलाके में खुलेआम शराब बनाई जा रही है, तो संबंधित थानों की पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली? क्या पुलिस की नियमित गश्ती और निगरानी व्यवस्था केवल मुख्य सड़कों तक सीमित है? शराब निर्माण के इन ठिकानों पर अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो सकी?
शराबबंदी के दावों पर भारी पड़ती जमीनी हकीकत
बिहार में शराबबंदी लागू हुए कई साल बीत चुके हैं। राज्य सरकार इसे सामाजिक सुधार और नशामुक्त समाज की दिशा में अहम कदम बताती रही है। शराब का निर्माण, बिक्री, खरीद और सेवन प्रतिबंधित है। इसके बावजूद बेगूसराय के शहरी इलाके में दिनदहाड़े शराब बनाने की तस्वीरें सामने आना सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर को उजागर करता है।
यह मामला केवल शराबबंदी कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन की जवाबदेही से भी जुड़ा है। आखिर शराब बनाने के लिए महुआ और अन्य कच्चा माल कहां से पहुंच रहा है? तैयार शराब की आपूर्ति किन इलाकों में की जा रही है? इस अवैध कारोबार से कितने लोग जुड़े हैं और अब तक इन ठिकानों पर ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई? ये ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब पुलिस प्रशासन को देना होगा।
मुख्यालय डीएसपी बोले- मामले में होगी कार्रवाई
मामले को लेकर मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून को सफल बनाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। लोहियानगर थाना और नगर थाना क्षेत्र के लोहियानगर झोपड़पट्टी में भी अवैध महुआ शराब के खिलाफ पहले कार्रवाई की जाती रही है।
उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से सामने आई तस्वीरों की जानकारी संबंधित थाने को दे दी गई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन इन अवैध भट्ठियों के खिलाफ क्या कदम उठाता है।