बेगूसराय मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छपकी गांव में गुरुवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने घर लौट रहे 22 वर्षीय गौतम कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गौतम को दो गोलियां लगी हैं। एक गोली बांह में, जबकि दूसरी पेट के निचले हिस्से में लगी है।
बिजली गुल होते ही घात लगाकर किया हमला
घायल गौतम के पिता और कोर्ट के मुंशी शंकर यादव ने बताया कि बिजली कटने के बाद उनका पुत्र घर से करीब 100 मीटर पहले पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद गौतम वहीं गिर गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ा था।
शंकर यादव के अनुसार, उनका पुत्र खेती-किसानी करता है और उसकी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने आशंका जताई कि कारीचक गांव के कुछ असामाजिक तत्व अक्सर उनके गांव की सीमा और पुलिया के आसपास शराब पीते हैं। फसलों को नुकसान पहुंचाने और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी रहती है।
उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले गौतम ने कुछ युवकों को ट्रांसफार्मर के पास शराब पीने से मना किया था। इसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। पिता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
गोली चलने की आवाज से मची अफरातफरी
ग्रामीण राजकिशोर ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले। मौके पर गौतम घायल अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अचानक हुई गोलीबारी से छपकी गांव में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आपसी विवाद समेत अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।