खगड़िया पुलिस और एसटीएफ (SOG-03) पटना की संयुक्त कार्रवाई में ₹50,000 के इनामी कुख्यात अपराधी बौकू शर्मा उर्फ उपेंद्र शर्मा को महेशखूँट चौक से गिरफ्तार किया गया। वह हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के कुल सात मामलों में वांछित था।
खगड़िया जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। एसपी राकेश कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ₹50,000 के इनामी और कुख्यात अपराधी बौकू शर्मा उर्फ उपेंद्र शर्मा को STF (SOG-03) पटना और पसराहा थाना की संयुक्त कार्रवाई में महेशखूँट चौक से गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
गोगरी के डीएसपी रमेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि बौकू शर्मा हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से वांछित था। उसके खिलाफ पसराहा थाना कांड संख्या 61/25 समेत कुल सात मामले दर्ज हैं। पुलिस को उसकी काफी समय से तलाश थी।
गिरफ्तारी के समय बौकू शर्मा किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और पसराहा थाना की टीम ने महेशखूँट थाना क्षेत्र के महेशखूँट चौक पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया। बताया गया कि बौकू शर्मा का आपराधिक इतिहास वर्ष 2014 से शुरू हुआ था, जब उसके खिलाफ पहली एफआईआर कांड संख्या 26/14 के तहत दर्ज की गई थी। 2025 में दर्ज पसराहा थाना कांड संख्या 61/25 उसका ताजा मामला है।
इस विशेष कार्रवाई में पसराहा थाना अध्यक्ष संजय कुमार विश्वास, पुलिस अवर निरीक्षक रिंक्की कुमार, एसटीएफ (SOG-03) की टीम और सशस्त्र बलों की अहम भूमिका रही। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।