बिहार में वैशाली जिले के सराय थाना में प्रतिबंधित भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के उग्रवादियों ने गुरुवार को तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। जिलाधिकारी जितेंद्र श्रीवास्तव ने यहां बताया कि सराय थाना के चक्रसेन गांव की एक दलित लड़की के साथ लगभग पंद्रह दिन पूर्व बलात्कार के बाद हुई हत्या को लेकर ग्रामीण जब जबरन सराय बाजार बंद करा रहे थे तब व्यवसायियों ने बंद का विरोध किया।
ग्रामीणों की भीड़ का लाभ उठाकर माओवादियों के हथियार बंद दस्तों के सदस्य भी बड़ी संख्या में इसमें शामिल हो गए थे। जिलाधिकारी ने बताया कि भीड़ में शामिल कथित माओवादियों ने व्यवसायियों के विरोध करने पर निकट के सराय थाना पर धावा बोला। इसके बाद थाना परिसर में तोड़फोड़ की और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसी दौरान भीड़ की ओर से हुई गोलीबारी में ग्रामीण गजेंद्र महतों और रंधीर पासवान घायल हो गए।