आरोपी को पुलिस को सौंपते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के नालंदा में अधेड़ की पिटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार को तेजी से वायरल हो रहा है। मामला तेलमर थाना क्षेत्र के बनगछा गांव का बताया जा रहा है। वायरल हो रहा वीडियो 24 जुलाई का है। अधेड़ की पहचान थाना क्षेत्र के ललुआडीह गांव निवासी संजय सिंह के रूप में हुई है। इस मामले में संजय सिंह ने कुल 12 लोगों को आरोपित कर एक अगस्त को तेलमर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
प्राथमिकी में संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि 24 जुलाई की सुबह 5:30 बजे वह अपने गांव से बनगछा गांव जा रहा था। उसके पास एक लाख 12 सौ रुपये नकद थे। वह पैसे बनगछा गांव के रहने वाले लीला बिंद को देने जा रहा था। तभी 20 से 25 हथियारबंद लोगों ने उसे रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडे से जमकर उसकी पिटाई कर दी। उसके बाद उन लोगों ने जेब में रखे रुपये, सोने की चेन और अंगूठी को भी छीन लिया। जब वह बुरी तरह से जख्मी होकर बेहोश हो गया तो किसी ने तेलमर थाना को इस बात की सूचना दी। इसके बाद तेलमर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए कल्याण बिगहा अस्पताल में भर्ती कराया।
वायरल वीडियो के मुताबिक, दर्जन भर लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए छत पर गिरे अधेड़ के ऊपर बरसा रहे है। वहीं, गलियों में भी ग्रामीणों का जमावड़ा लगा हुआ है।
अधेड़ को पीटने वाले लोग गांव छोड़ हुए फरार
वहीं, तेलमर थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि चोरी का आरोप लगाकर संजय सिंह को कुछ ग्रामीणों द्वारा लाठी-डंडे से पीटा गया है। संजय सिंह पहले से ही अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति रहा है। तेलमर थाना के दो कांडों में पिछले तीन सालों से संजय सिंह फरार चल रहा था। पुलिस हिरासत में इलाज के बाद संजय सिंह को न्यायालय को सौंप दिया गया है। वहीं, दिए गए आवेदन पर मामला दर्ज कर पुलिस पिटाई करने वाले ग्रामीणों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है। सभी लोग गांव छोड़ फरार हो गए हैं।