प्याज के लिए लंबी लाइन में खड़े लोग
- फोटो : ANI
प्याज की कीमतों में लगातार तेजी जारी है। गुरुवार को संसद में डीएमके सांसद कनीमोझी ने शून्यकाल में पूछा कि प्याज की बढ़ती कीमतों को काबू में करने के लिए केंद्र सरकार क्या रही है। प्याज की कीमतें तीन गुना बढ़कर 100 रुपये प्रति किलों पर पहुंच गई है। जिससे कि आम आदमी के घर का बजट बिगड़ गया है। इसी बीच बिहार के पटना और आरा में सस्ते प्याज के लिए लोगों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं।
बिहार की राजधानी पटना में बिहार राज्य सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (बिस्कोमॉन) के काउंटर पर लोगों की लंबी कतारें नजर आईं। यहां राज्य सरकार 35 रुपये प्रति किलो के हिसाब से प्याज बेच रही है। इसी तरह आरा में भी प्याज के लिए लंबी लाइनें दिखीं। यहां पर भी सरकार सस्ती दरों पर प्याज बेच रही हैं।
लोगों की लंबी कतारों को देखते हुए प्याज बेचने के लिए लगे काउंटर पर मौजूद अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से बचने के लिए हेलमेट पहनकर खड़ा होना पड़ा है। एक अधिकारी रोहित कुमार ने बताया कि 'पथराव और भगदड़ की घटनाएं हुई हैं, इसलिए यह हमारा एकमात्र विकल्प था। हमें कोई सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है।'