चंद्रिका राय (पुत्र- दारोगा प्रसाद राय-पूर्व मुख्यमंत्री)
सारण लोकसभा क्षेत्र दो पूर्व मुख्यमंत्रियों की परंपरागत सीट मानी जाती है। पहले पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा प्रसाद राय और उसके बाद लालू प्रसाद ने इस लोकसभा सीट को अपना बना लिया। लालू इस सीट से जीत दर्ज करते रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. दारोगा प्रसाद राय के पुत्र चंद्रिका राय राजद में लालू प्रसाद के साथ ही डटे रहे। लालू के बेटे तेज प्रताप यादव और चंद्रिका की बेटी के विवाह के बाद अब दोनों परिवार दोनों रिश्तेदार भी हो गए हैं। हालांकि चंद्रिका को टिकट के बाद तेज प्रताप ने बगावत कर दी थी। तेज प्रताप ने उनके खिलाफ प्रत्याशी भी खड़ा कर दिया है।
कीर्ति आजाद (पुत्र-भागवत झा आजाद-पूर्व मुख्यमंत्री )
दरभंगा से तीन बार सांसद रहे कीर्ति झा आजाद पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भागवत झा आजाद के पुत्र हैं। भागवत भागलपुर से राजनीति करते थे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र कीर्ति आजाद ने इसके बाद दल बदला तो अपना लोकसभा क्षेत्र भी बिहार छोड़कर झारखंड में बनाना पड़ा। भाजपा से कांग्रेस में आनेवाले कीर्ति आजाद इस बार धनबाद लोकसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं। इनका मूल जन्मस्थान झारखंड के गोड्डा जिला में है।
शाश्वत केदार (पौत्र-स्व. केदार पांडेय, पूर्व मुख्यमंत्री)
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. केदार पांडेय के पौत्र शाश्वत केदार को कांग्रेस ने वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र का प्रत्याशी बनाया है। केदार पांडेय चंपारण क्षेत्र के एक कद्दावर नेता थे। उनके समय में चंपारण दो भागों में बंटा। केदार के पुत्र स्व. मनोज पांडेय के बाद पहली बार उनके पौत्र शाश्वत केदार ने राजनीति में कदम रखा है।