हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के सुप्रीमो जीतन राम मांझी ने महागठबंधन की नैया को मझधार में ला खड़ा किया है। मांझी ने दो टूक कह दिया कि राजद और कांग्रेस की सीटें भले कम हो जाएं लेकिन हम पांच सीटों से कम पर नहीं मानेंगे। उन्होंने कहा कि हमने अपनी मांग गठबंधन को बता दिया है। कुछ सीटों पर स्थिति साफ होना बाकी है। उन्होंने कहा कि हम अपने जनाधार के अनुसार सीटें मांग रहे हैं और हमारा जनाधार कांग्रेस से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि फाइनल फैसला 18 मार्च के बाद होगा।
पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद अध्यक्ष संतोष मांझी ने जानकारी दी कि बोर्ड के 11 सदस्य इसमें शामिल हुए और जीतन राम मांझी को हर फैसला लेने के लिए अधिकृत किया गया। उन्होंने कहा कि हमारी पांच सीटों की मांग है, लेकिन अब तक तीन सीटों पर ही सहमति बनी है। बाकी सीटों पर बातचीत हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने फिलहाल 11 सीटों की लिस्ट भेजी है, लेकिन यह घट और बढ़ सकती है। संतोष मांझी ने कहा कि फिलहाल 11 सीटों पर दावा सही नहीं है, क्योंकि अंतिम फैसला 18 मार्च को होगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि एनडीए के घोषणा के शीघ्र बाद गठबंधन के सीटों का एलान किया जाएगा।
मांझी ने कहा कि कांग्रेस पहले 20 सीट पर चुनाव लड़ने की बात कर रही थी, अब वह 11 सीट के लिए तैयार है। इसी तरह राजद 22 सीट की बात कर रही थी अब 18 सीट की चर्चा है। इस तरह संख्या घटती-बढ़ती रहती है। राजद और कांग्रेस के बाद हम सबसे बड़ी पार्टी है। इसलिए हम को राजद और कांग्रेस के बाद सबसे अधिक सीट मिलनी चाहिए।