मुजफ्फरपुर पुलिस ने शराब से भरा टैंकर किया जब्त
- फोटो : अमर उजाला
बिहार में मुजफ्फरपुर में एक टैंकर से तेल की जगह शराब निकलने लगी। यह देख पुलिस भी चौंक गई। इसके अलावा एक एंबुलेंस से भी शराब पकड़ी गई है। मामला सरैया थाना क्षेत्र का है। जहां पुलिस ने छापेमारी कर तेल टैंकर से शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी की सरैया थाना क्षेत्र के सरैया तुर्की मार्ग पर एक तेल टैंकर से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पहुंची है। उसके बाद एसडीपीओ सरैया कुमार चंदन ने दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। जहां से एक तेल टैंकर (इंडियन ऑयल के) पर लोड विदेशी शराब की खेप को जब्त किया गया। साथ ही टीम ने ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया। चालक से थाने में पूछताछ की जा रही है। टैंकर पश्चिम बंगाल के नंबर का है। जबकि, एंबुलेंस बिहार के मुजफ्फरपुर की है। दोनों में शराब भरी थी। शराब की बोतलों की गिनती की जा रही है। शराब की खेप कहां पहुंचनी थी। इसकी छानबीन में पुलिस जुट गई है।
एसडीपीओ सरिया कुमार चंदन ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक तेल टैंकर विदेशी शराब की खेप सरैया थाना क्षेत्र के सरैया तुर्की मार्ग से गुजरने वाला है। उसके बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर तेल टैंकर को जब्त किया गया। इसके बाद तेल टैंकर की तलाशी ली गई तो उसमें से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप को जब्त किया गया। उसके बाद से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक से पूछताछ के आधार पर शराब कारोबारियों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है। तेल टैंकर से बरामद शराब का मिलान कराया जा रहा है।