लालू के बड़े लाल और बिहार सरकार के मंत्री तेजप्रताप यादव अक्सर अपने अंदाज और बयानबाजी को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। एक बार फिर उन्होंने आने वाले लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव को लेकर भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 के विधानसभा चुनाव में अमित शाह और नरेंद्र मोदी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह मेरी भविष्वाणी है। मैं बहुत पूजा-पाठ करता हूं। उन्होंने कहा कि मुझसे बड़ा कोई बाबा नहीं है। सबसे बड़ा बाबा मैं हूं।
भाजपा पर तेज हमलावर
बिहार के वन-पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव ने भाजपा के सांसदों पर हमलावर होते हुए कहा कि सांसदों को लोगों के बीच जाना चाहिए लेकिन वो जाते नहीं। उन्होंने कहा कि जितना काम बिहार सरकार के मंत्री कर रहे उतना सांसद भी नहीं कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर नमामि गंगे के सवाल पर कहा कि बिहार सरकार अपने दम पर राज्य के विकास के लिए काम कर रही है। तेजप्रताप यादव ने जातीय जनगणना को लेकर भी भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना करने में भाजपा वाले फेल हो गए और महागठबंधन सरकार की जीत हुई। महागठबंधन का बस इसलिए नींव 2024 और 2025 के लिए रखा गया है। यानी 2024 और 2025 में भाजपा का पूरा सूपड़ा साफ़ हो जायेगा। तेज प्रताप यादव ने कहा कि मैं बहुत पूजा-पाठ करता हूं। यह मेरी भविष्वाणी है। मुझसे बड़ा कोई बाबा नहीं है। सबसे बड़ा बाबा मैं हूं।
पहले भी कह चुके हैं यह बात
बिहार सरकार के वन-पर्यावरणमंत्री तेज प्रताप यादव पहले भी यह बात कह चुके हैं कि मैं सबसे बड़ा बाबा हूं। दरअसल यह बात तेज प्रताप ने उस समय कही थी जब पिछले दिनों पटना में बाबा बागेश्वर सरकार का हनुमंत कथा का प्रवचन होने वाला था। उस समय बाबा बागेश्वर सरकार धीरेन्द्र शास्त्री का विरोध करने के लिए यह एलान किया था यह कहते हुए कि हम बहुत बड़े बाबा हैं। जमीन से लेकर पाताल तक नाप देंगे। हमारे सामने कोई खड़ा नहीं हो सकता है। ए अलग बात है कि सिक्योरिटी और भीड़ को देखकर तेज प्रताप ऐसा नहीं कर सके।