सेना के सर्जिकल स्ट्राइक पर मचे घमासान में अब राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव भी कूद गए हैं। लालू ने इस मुद्दे पर जहां भाजपा पर निशाना साधा वहीं कुछ दिनों पहले तक उनसे गलबहियां करने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल को भी निशाना बनाया। सरकार से सेना के सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगने वाले केजरीवाल के बयान पर लालू ने कहा कि उन्हें तो धरती में गड़ जाना चाहिए।
राजद अध्यक्ष ने कहा कि पाकिस्तान को कड़े इंजेक्शन की जरूरत है। जो दिया गया है वो काफी नहीं है। पाकिस्तान को और कड़ा इंजेक्शन देने की जरूरत है। ट्वीट के द्वारा अपनी बात रखते हुए लालू ने कहा मैं भारतीय सेना को सैल्यूट करता हूं।
कहा सत्तापक्ष हो या विपक्ष किसी को भी सेना के नाम पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। लालू ने कहा कि सेना पर किसी को शक नहीं करना चाहिए। हालांकि इस दौरान वो कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बयान का बचाव करते नजर आए।