लालू प्रसाद यादव ने गुजरात के सूरत में हुई तीन हत्याओं पर सवाल पूछा है कि यहां कौन सा राज है? बिहार में ताबड़तोड़ हत्याओं के बाद बिहार में जंगलराज होने की बात कही जा रही थी, जिसके जवाब में लालू ने ये कहा है। दरअसल, गुजरात के सूरत में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महासचिव नेता प्रवीण तोगड़िया के चचेरे भाई भरत तोगड़िया समेत 3 लोगों की हत्या कर दी गई है। इसके बाद लालू ने रविवार सुबह समाचार एजेंसी एएनआई के ट्वीट को कोट करते हुए लिखा कि 'इसको भी अलंकृत कर देते, यहाँ कौन सा राज है?'
इसको भी अलंकृत कर देते, यहाँ कौन सा राज है? https://t.co/dpq19XTTVy
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) May 15, 2016
लालू का ये ट्वीट उन लोगों को जवाब माना जा रहा है जो बिहार में जंगलराज की बात कर रहे हैं। बता दें कि बीते दिनों बिहार के गया में 11वीं के छात्र आदित्य सचदेव की हत्या में जदयू विधायक मनोरमा देवी के बेटे रॉकी यादव का नाम आने के बाद से ही विपक्ष बिहार के जंगलराज में लौटने की बात कह रहे थे। उसके कुछ दिनों बाद ही एक हिन्दी दैनिक के ब्यूरो चीफ राजदेव रंजन की हत्या के बाद सरकार के लिए मामला बिगड़ गया है। इतना ही लालू के पार्टी के सासंद तस्लीमुद्दीन ने भी इन हत्याओं के चलते अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि बिहार में महाजंगलराज है।