खिड़की से झांकते लालू प्रसाद यादव
- फोटो : Social Media
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव चारा घोटाले मामले में जेल की सजा काट रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण वह काफी समय से रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में इलाज करा रहे हैं। शनिवार को उनसे अस्पताल में बेटी धन्नो, समधी जितेंद्र यादव, दामाद चिरंजीवी और दो नातिन मिलने के लिए पहुंची। उनकी काफी समय बाद एक तस्वीर सामने आई है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
काफी समय बाद आई लालू की तस्वीर
रिम्स में भर्ती लालू दब काफी समय बाद खिड़की पर नजर आए तो कार्यकर्ता उत्साहित हो गए और उन्होंने उनका अभिवादन किया। लालू ने हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। लालू को देखकर वहां मौजूद मीडियाकर्मी भी उनकी तस्वीर लेने लगे। लालू ने हालांकि मीडिया को फोटो लेने से मना किया। जब मीडियाकर्मी नहीं माने तो लालू ने अपनी खिड़की को बंद कर दिया।
रघुवंश प्रसाद सिंह से नहीं हुई लालू की मुलाकात
राजद के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह लालू से मिलने के लिए रिम्स पहुंचे थे। मगर जेल मैनुएल के अनुसार हफ्ते में केवल तीन लोग कैदी से मिल सकते हैं। इस कारण लालू ने अपने परिवार को तरजीह दी और बेटे-दामाद और समधी से मुलाकात की। सिंह को बिना मुलाकात के ही वापस जाना पड़ा।
खिचड़ी और बैगन का चोखा खाने की जताई इच्छा
लालू यादन खाने-पीने के शौकीन हैं। मगर उन्हें कई तरह की बिमारियों ने घेर रखा है इसी वजह से डॉक्टर उनका खाना तय करते हैं। शनिवार को लालू ने बैगन का चोखा और खिचड़ी खाने की फरमाइश की।
देवघर कोषागार मामले में मिली जमानत
शुक्रवार को झारखंड उच्च न्यायालय ने चारा घोटाले के एक मामले में लालू को जमानत दे दी है। उन्हें देवघर कोषागार मामले में जमानत मिली है। हालांकि उन्हें चाईबासा-दुमका कोषागार मामले में जमानत नहीं मिली है। अब इस मामले में मिली जमानत को आधार बनाकर उनके वकील चाईबासा-दुमका कोषागार में जमानत की याचिका दायर करेंगे।