राजस्थान के कोटा में पढ़ रही अपनी बेटी को लाने गए भारतीय जनता पार्टी के विधायक अनिल सिंह के मुलाजिमों पर धड़ाधड़ कार्रवाई हो रही है। लॉकडाउन का पास बनाने वाले नवादा सदर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) को सबसे पहले निलंबित कर दिया गया। गाड़ी के ड्राइवर पर भी कार्रवाई हुई और अब विधायक की सुरक्षा में तैनात दो गार्डों पर भी गाज गिर गई है।
सचिवालय के अधिकारियों ने कहा कि ड्राइवर शिव मंगल चौधरी, जिन्होंने कोटा से हिसुआ विधायक की कार को निकाला था, उन्हें बिहार विधानसभा सचिवालय द्वारा निलंबित कर दिया गया, क्योंकि उन्होंने जारी किए गए कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि चालक को वाहन राज्य के विधानसभा कार्यालय के अनुमति के बिना राज्य के बाहर नहीं ले जाना चाहिए था।
विधायक की सुरक्षा में तैनात शशि कुमार और राजेश कुमार को भी निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ भी नवादा एसपी हरि प्रसाथ एस ने जांच की और पाया गया कि कोटा जाने से पहले दोनों गार्डों ने सक्षम प्राधिकार से अनुमति नहीं ली। लौटने के बाद भी जब पूछा गया तो कोटा जाने की बात से ही इनकार कर गए। विधायक ने 16 अप्रैल को राजस्थान के कोटा की यात्रा की थी और दो दिन बाद अपनी 17 वर्षीय बेटी को लेकर लौटे थे।
इस मामले को लेकर विपक्षी नेताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमला बोला था। बिहार के हजारों छात्र कोटा में फंसे हुए हैं, लेकिन नीतीश कुमार उन्हें वहीं रहने के लिए कह रहे हैं। इसी बीच भाजपा विधायक अनिल सिंह कोटा से अपनी बेटी को वापस लेकर आ गए। जिसको लेकर नीतीश कुमार की जमकर आलोचना हो रही है।