बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और उनकी पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में है। दिशा सालियान मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई ने जांच आगे बढ़ाते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। इस घटनाक्रम के बाद सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई, भाजपा विधायक और बिहार के पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू ने मंगलवार को सहरसा स्थित अपने आवास पर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर दिशा सालियान की हत्या के आरोपियों को पकड़ा जाता है तो सुशांत सिंह राजपूत की मौत के पीछे की सच्चाई भी सामने आ जाएगी और उनके कातिल बेनकाब होंगे।
उद्धव सरकार पर लगाया मामले को दबाने का आरोप
मीडिया से बातचीत में नीरज कुमार बबलू ने महाराष्ट्र की तत्कालीन उद्धव ठाकरे सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब सुशांत सिंह राजपूत की मौत हुई थी, तब परिवार के लोग मुंबई गए थे। वहां की स्थिति देखकर उन्हें उसी समय लग गया था कि सुशांत और दिशा सालियान की मौत के तार आपस में जुड़े हुए हैं। उनका दावा है कि अगर उसी समय दिशा सालियान के मामले का पर्दाफाश हो जाता तो सुशांत की मौत के पीछे की सच्चाई भी सामने आ जाती।
नीरज बबलू ने आरोप लगाया कि उस समय महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की सरकार थी और वह उनके खिलाफ थी। उनके मुताबिक, सरकार ने जानबूझकर दोनों मामलों को दबाया। उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार आवाज उठाए जाने के बाद मामला सीबीआई तक पहुंचा, लेकिन तब तक कथित तौर पर कई सबूत नष्ट कर दिए गए और तथ्यों को छिपाने की कोशिश की गई। उनका कहना था कि इसी वजह से सीबीआई को भी जांच के दौरान सबूत जुटाने में परेशानी हुई।
सरकार बदली तो दिशा के पिता को जगी न्याय की उम्मीद
भाजपा विधायक ने कहा कि उस समय दिशा सालियान के पिता गहरे सदमे में थे। हालांकि, महाराष्ट्र में सत्ता परिवर्तन के बाद जब भाजपा की सरकार बनी तो उन्हें संरक्षण और न्याय मिलने की उम्मीद जगी। इसके बाद दिशा के पिता ने बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अब हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने मामले में जांच आगे बढ़ाई है और एफआईआर दर्ज कर ली है।
'दिशा के कातिल पकड़े गए तो सुशांत की मौत का राज भी खुलेगा'
नीरज कुमार बबलू ने सीबीआई की कार्रवाई पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अब इस मामले में आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि दिशा सालियान के कातिल पकड़े जाते हैं तो सुशांत सिंह राजपूत की मौत का मामला भी पूरी तरह साफ हो जाएगा। उनके मुताबिक, इससे यह भी पता चलेगा कि सुशांत की मौत के पीछे कौन-कौन से बड़े लोग शामिल थे और उनकी हत्या की वजह क्या थी।
उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकती है और कई बड़े नाम भी सामने आ सकते हैं। नीरज बबलू ने दावा किया कि सीबीआई की इस कार्रवाई से सुशांत के परिवार, बिहार के लोगों और देश-दुनिया में मौजूद उनके करोड़ों प्रशंसकों को एक बार फिर उम्मीद जगी है कि अब सुशांत की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों तक जांच पहुंचेगी और उन्हें न्याय मिल सकेगा।