सुपौल जिले के भीमनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम 11वीं कक्षा की छात्रा की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान भीमनगर पंचायत के वार्ड 11 निवासी रूपेश सिंह उर्फ रॉकी की पुत्री अपेक्षा सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने इसे सीढ़ियों से गिरने से हुई मौत बताया और वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के बयान पर उठा संदेह
अस्पताल में परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर पंकज कुमार को बताया कि अपेक्षा की मौत सीढ़ियों से गिरने के कारण हुई है। हालांकि डॉक्टर को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने हल्की पूछताछ की, लेकिन उस समय शव परिजनों के साथ घर चला गया। इसी बीच यह भी चर्चा रही कि अस्पताल ले जाने से पहले मृतका के कपड़े बदले गए थे।
रात में शव जब्त, पोस्टमार्टम से खुली परतें
रात करीब 01:30 बजे वीरपुर और भीमनगर थाना की पुलिस मृतका के घर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। बुधवार को डॉक्टर ठाकुर प्रसाद द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में गोली मारकर हत्या की आशंका जताई गई। बताया गया कि गोली अपेक्षा के सीने के दाहिने हिस्से में मारी गई थी, जो अंदर ही फंसी रह गई, जबकि सीने के बाएं हिस्से से एक मेटल पिलेट बरामद की गई।
यूडी केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
मृतका के चाचा सुमित सिंह के आवेदन पर भीमनगर थाना में यूडी कांड संख्या 01/26 दर्ज किया गया है। आवेदन में उन्होंने घटना को दुर्घटना बताया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, ताकि मौत के कारणों की तह तक पहुंचा जा सके।
पढ़ें- पूर्णिया गैंगरेप कांड: IG के निर्देश पर एक्शन मोड में पुलिस, इरफान समेत तीन दरिंदे गिरफ्तार; बाकी की तलाश जारी
अपेक्षा सिंह के पिता रूपेश सिंह उर्फ रॉकी जल संसाधन विभाग के बड़े संवेदकों में गिने जाते हैं। परिवार की भीमनगर और आसपास के इलाकों में लंबे समय से प्रभावशाली पकड़ रही है। मृतका के चाचा सुधीर सिंह करीब 20 वर्षों तक भीमनगर पंचायत के मुखिया रहे थे। इसी वजह से यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस ने क्या बताया?
एसपी शरथ आरएस ने बताया कि परिजनों ने गिरने से मौत का आवेदन दिया है, लेकिन अस्पताल से मिली सूचना के बाद मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसी कारण पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।