बिहार के सहरसा जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के रामपुर ईटहरा बाईपास रोड पर एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने साइकिल से काम पर जा रहे एक मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा मजदूर को सड़क पर करीब 25 मीटर तक घसीटता चला गया। इस दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह 8:30 बजे मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया पंचायत निवासी 55 वर्षीय रामविलास साह के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे वे अपनी साइकिल से मजदूरी करने सहरसा की ओर जा रहे थे। तभी गेरूआहा के पास गिट्टी लदे हाइवा ने उन्हें पीछे से रौंद दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद भी ड्राइवर ने ट्रक नहीं रोका, जिससे मजदूर का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
लॉकेट देख फूट-फूट कर रोया बेटा
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। रामविलास साह के परिवार में उनकी पत्नी, चार बेटियां और एक इकलौता बेटा है। घटनास्थल पर पहुंचे बेटे ने जब अपने पिता का क्षत-विक्षत शव देखा तो वह बेसुध हो गया। उसने पिता के गले में पहने हुए लॉकेट को देखकर उनकी पहचान की।
ग्रामीणों ने खलासी को दबोचा, सड़क जाम
हादसे के बाद चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को घेर लिया और खलासी उमेश कुमार शर्मा को पकड़ लिया। पकड़े गए खलासी ने बताया कि हाइवा सुपौल से गिट्टी लादकर सत्तरकटैया जा रहा था। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
ये भी पढ़ें:
खेल के पैसे से ‘खेल’, हेडमास्टर-सप्लायर के गठजोड़ ने मोतिहारी में बिना सामान खरीदे उड़ाई रकम
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को सरकारी सहायता और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और खलासी हिरासत में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।