सार
Bihar News: महोत्सव का शुभारंभ 6 मार्च को शाम 4:30 बजे भव्य उद्घाटन समारोह से होगा। इसके बाद सारेगामापा विनर इशिता विश्वकर्मा भक्ति और बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति देंगी। 7 मार्च को जय झा मैथिली और भक्ति संगीत पेश करेंगे। 8 मार्च को सुप्रसिद्ध गायिका कल्पना पटवारी भोजपुरी, मैथिली और भक्ति गीतों से समा बांधेंगी।
मधेपुरा में सिंहेश्वर महोत्सव-2025 इस साल 6 से 8 मार्च तक भव्य रूप में आयोजित होगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक कला प्रदर्शन और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार मौजूद रहेंगे। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, बिहार सरकार के अन्य मंत्री, विधायक और गणमान्य हस्तियां भी इस आयोजन की शोभा बढ़ाएंगी।
स्थानीय और ख्याति प्राप्त कलाकार देंगे प्रस्तुति
महोत्सव का शुभारंभ 6 मार्च को शाम 4:30 बजे भव्य उद्घाटन समारोह से होगा। इसके बाद सारेगामापा विनर इशिता विश्वकर्मा भक्ति और बॉलीवुड गीतों की प्रस्तुति देंगी। 7 मार्च को जय झा मैथिली और भक्ति संगीत पेश करेंगे। 8 मार्च को सुप्रसिद्ध गायिका कल्पना पटवारी भोजपुरी, मैथिली और भक्ति गीतों से समा बांधेंगी। तीनों दिन स्थानीय और क्षेत्रीय कलाकारों द्वारा लोक नृत्य, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
हर साल लाखों श्रद्धालु करते हैं पूजा अर्चना
सिंहेश्वर महोत्सव धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ बिहार के पर्यटन और लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच भी है। हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा सिंहेश्वर नाथ के दर्शन के लिए यहां आते हैं। इस बार आयोजन को और भव्य बनाने के लिए पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए सुरक्षा, परिवहन, स्वच्छता और चिकित्सा सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रशासन हर आवश्यक सुविधा सुनिश्चित करेगा। इसके लिए पर्यटन विभाग की ओर से 30 लाख रुपए प्राप्त हुआ है। बिहार सरकार, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह महोत्सव राज्य के धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।