कैंडल मार्च निकालते हुए पत्रकार
- फोटो : Amar Ujala
बिहार के सहरसा स्थित सदर अस्पताल में 12 सितंबर को न्यूज कवरेज के दौरान एक डिजिटल मीडिया के पत्रकार के साथ डॉक्टरों और पैरामेडिकल छात्रों द्वारा की गई बर्बर मारपीट के खिलाफ पत्रकारों का गुस्सा फूट पड़ा है। पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिले भर के मीडियाकर्मियों ने मंगलवार शाम एकजुट होकर शहर में विशाल कैंडल मार्च निकाला और जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई वरिष्ठ पत्रकार नवीन निशांत ने की। मार्च में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।
जिला परिषद से वीर कुंवर सिंह चौक तक निकाला मार्च
हाथों में मोमबत्तियां और बैनर थामे पत्रकारों का कैंडल मार्च जिला परिषद प्रांगण से शुरू हुआ। इसके बाद डीबी रोड और थाना चौक होते हुए यह मार्च वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचा, जहां यह नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया। इस दौरान पत्रकारों ने ‘पत्रकारों पर हमला क्यों, जवाब दो-जवाब दो’ के गगनभेदी नारे लगाकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इंटरनेट मीडिया पर भी इस विरोध प्रदर्शन के वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जहां आम नागरिक और बुद्धिजीवी भी पत्रकारों के समर्थन में उतर आए हैं।
साक्ष्य मौजूद होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण
प्रदर्शन के दौरान प्रभात खबर सहरसा के ब्यूरो प्रमुख दीपांकर श्रीवास्तव ने प्रशासन के लचर रवैये पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पत्रकार साथी के साथ हुई अमानवीय मारपीट और बदसलूकी के सभी पुख्ता साक्ष्य उपलब्ध हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अगर दोषियों पर अविलंब सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो पत्रकार समाज शांत नहीं बैठेगा और आगे इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं, पत्रकार अमन कुमार ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, “सदर अस्पताल में डॉक्टरों और छात्रों ने जिस बर्बरता के साथ हमारे साथी पर हमला किया, वह निंदनीय है। घटना के दो-तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस-प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है। हमारी मांग है कि इस मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो हम उग्र आंदोलन और अनशन करने को बाध्य होंगे।”
ये भी पढ़ें-
बिहार: आठ साल का इंतजार खत्म, 56 करोड़ से तैयार हुआ अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय; मंत्री जमा खां करेंगे उद्घाटन
प्रशासन को अल्टीमेटम, पत्रकार सुरक्षा कानून की उठी मांग
वीर कुंवर सिंह चौक पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने दो टूक कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर इस तरह का हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभा के माध्यम से जिला प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम दिया गया कि यदि सबूतों के आधार पर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया, तो आंदोलन की धार और तेज होगी। इसके साथ ही जिले में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है।