सड़क हादसे में गई IPS अधिकारी हर्षवर्धन सिंह की जान
- फोटो : अमर उजाला
सहरसा जिले के सोनबरसा राज थानाक्षेत्र के फतेहपुर पडरिया गांव के निवासी 2023 बैच के युवा आईपीएस अधिकारी हर्षवर्धन सिंह की सड़क दुर्घटना में दुखद मौत हो गई। हादसा रविवार देर शाम कर्नाटक के हासन में हुआ, जहां वह अपनी पहली पोस्टिंग पर योगदान देने जा रहे थे।
दस किलोमीटर पहले टूट गई सांस की डोर
जानकारी के मुताबिक, हर्षवर्धन सिंह मैसूर में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद कर्नाटक के हासन में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर तैनाती के लिए जा रहे थे। लेकिन गंतव्य से महज 10 किलोमीटर पहले ही उनकी कार का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि इस हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिवार में मातम, गांव में शोक की लहर
हर्षवर्धन की मौत की खबर मिलते ही फतेहपुर पडरिया गांव और उनके रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग उनके सरल स्वभाव और कड़ी मेहनत की प्रशंसा कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि काश वह दस किलोमीटर की दूरी और तय कर पाते, तो आज गांव का बेटा एसपी के पद पर विराजमान होता।
परिजनों के अनुसार हर्षवर्धन ने दो सरकारी नौकरियां छोड़कर यूपीएससी की तैयारी की थी। चयन के बाद उन्होंने अपने सभी प्रशिक्षण पूरे कर लिए थे। उनके पिता अखिलेश सिंह मध्य प्रदेश में एसडीएम हैं। जबकि छोटा भाई आनंद वर्धन आईआईटी इंजीनियर है और यूपीएससी की तैयारी कर रहा है।
शव पटना लाने की तैयारी
हर्षवर्धन के शव को कर्नाटक से हवाई मार्ग द्वारा पटना लाया जाएगा, जहां से उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा। गौरतलब है कि गांव वालों के लिए हर्षवर्धन केवल एक अधिकारी नहीं, बल्कि प्रेरणा के स्रोत थे। उनकी सरलता और विनम्रता के किस्से अब सबकी जुबान पर हैं। हर कोई उनके साहस और संघर्ष की कहानी को याद कर रहा है।
वहीं, सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है। शव के गांव पहुंचने का इंतजार कर रही है।