इसी स्कूल में हुई थी छात्रा की मौत।
मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र स्थित आंबेडकर बालिका आवासीय विद्यालय में 10 वर्षीय छात्रा सपना कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस की जांच में सामने आया कि छात्रा की मृत्यु समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण हुई थी। पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि इस मामले की गहराई से जांच की गई, जिसमें किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक गतिविधि का प्रमाण नहीं मिला।
घटना के बाद छात्रा की मां ने हत्या की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसके बाद 5 फरवरी को एसआईटी गठित कर जांच शुरू की गई। जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज, विद्यालय में मौजूद सभी व्यक्तियों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट की बारीकी से पड़ताल की। हालांकि पोस्टमॉर्टम के दौरान संदेह बढ़ाने वाली रिपोर्ट सामने आई थी, लेकिन विधि विज्ञान प्रयोगशाला, पटना में हुई विस्तृत जांच में किसी संदिग्ध तत्व की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई।
एसपी संदीप सिंह ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा इस मामले को गलत तरीके से भड़काने का प्रयास किया गया था, जिसकी भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की मौत इलाज में देरी के कारण हुई और इस मामले में अब तक कोई साजिश या अपराध का संकेत नहीं मिला है।