सहरसा जिले में जन्माष्टमी को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। कहरा प्रखंड के बनगांव नगर पंचायत स्थित बाबाजी कुटी के परिसर में आज यानी सोमवार से जन्माष्टमी के मौके पर तीन दिवसीय मेले का आयोजन हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, बनगांव में कृष्ण जनमाष्टमी पर्व तीन सौ साल पहले से आयोजित की जा रही है। पूर्व में यह सरारी डीह पर कृष्ण जन्माष्टमी आयोजित की जाती थी। उसके बाद संत लक्ष्मीनाथ गोसाई द्वारा 1810 के दशक में कुटी परिसर में जन्माष्टमी का शुरुआत किया गया, तभी से हर साल यहां आयोजित की जाती है। जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण, राधा, रुक्मणी, आदि शक्ति मां भगवती, शिक्षा की देवी मां सरस्वती, लक्ष्मी, महादेव, मां पार्वती, गणेश, महाबीरजी, बलराम, नन्द और सुदामा सहित अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमा बनाई गई है।
जन्माष्टमी को लेकर कुटी परिसर स्थित सभी देवी-देवताओं के मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, संत लक्ष्मीनाथ गोसाई द्वारा यहां जन्माष्टमी का शुरुआत किया गया था। इसलिए यहां की विशेष महत्ता है। काफी दूर-दूर से श्रद्धालु विशेष पूजा अर्चना के लिए यहां आते हैं। देश एवं विदेश में कार्य कर रहे यहां के निवासी भी कृष्ण जन्माष्टमी में गांव आते हैं। तीन दिवसीय जन्माष्टमी का उद्घाटन सोमवार शाम मद्य निषेध मंत्री रत्नेश सादा, मुख्य अतिथि मधेपुरा सांसद दिनेश यादव, स्थानीय विधायक आलोक रंजन संयुक्त रूप से मेले का उद्घाटन करेंगे।
मेला अध्यक्ष मनोरंजन खां और अमित झा ने बताया कि बनगांव नगर पंचायत बाबाजी कुटी में तीन दिवसीय मेला का आयोजन हो रहा है। इस अवसर पर पहली रात डांस फेस्टिवल, दूसरे दिन इंडियन आइडल सोमिया मिश्रा तथा मैथिली कलाकार शिवानी झा का तो तीसरी रात नाइट क्वीन आरकेष्ट्रा पटना के द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, मेला में रंग बिरंगे झूला जैसे मिक्की माउस झूला, नाव झूला, बच्चा जंपिंग सहित कई बच्चे के झूला लग चुका है, जिनसे बच्चे मनोरंजन कर सकते हैं। वहीं, मेला में महिलाओं के लिए शृंगार का दुकान, चाट चाऊमीन की श्री दुकान सहित कई प्रकार के मिठाई की दुकान सज गई है।