ठगों ने बुजुर्ग महिला के साथ घर में घुसकर की ठगी।
- फोटो : अमर उजाला
सहरसा जिले में ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां बटरहा वार्ड 36 में एक सेवानिवृत्त शिक्षक की 79 वर्षीय पत्नी आशा झा को दो जालसाजों ने बाबा रामदेव के पतंजलि उत्पाद बेचने के बहाने घर में घुसकर लगभग 3 लाख रुपये के सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। घटना गुरुवार सुबह करीब सवा 10 बजे की है, जब आशा झा घर में अकेली थीं।
मीठी बातों में फंसाया, दिया चमकाने का झांसा
पीड़िता आशा झा ने पुलिस को बताया कि घर के अन्य सदस्य ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान, बाइक पर सवार दो युवक उनके दरवाजे पर आए। उन्होंने खुद को पतंजलि उत्पादों का विक्रेता बताते हुए एक कैटलॉग दिखाया और कहा कि वे अभी केवल उत्पाद दिखा रहे हैं और रविवार को सामान लेकर आएंगे। युवकों की मीठी बातों से आशा झा प्रभावित हुईं और उन्होंने दोनों को घर में बैठने दिया।
कुछ देर बात करने के बाद, युवकों ने महिला से कहा कि वे उनकी सोने की अंगूठी और चेन को 'दो मिनट में साफ करके' एकदम चमका सकते हैं। बुजुर्ग महिला उनकी बातों में आ गईं और उन्होंने अपनी दो भर की सोने की चेन और एक अंगूठी सफाई के लिए उन्हें सौंप दी। जैसे ही जेवर उनके हाथ में आया, दोनों युवक तुरंत बाइक से फरार हो गए।
तीन लाख का सोना लूटा गया
पीड़िता के अनुसार, चोरी की गई सोने की चेन का वजन दो भर था, जिसकी कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा, चार आने की सोने की अंगूठी भी थी, जिसका मूल्य 50 हजार रुपये था। कुल मिलाकर, ठगों ने महिला से लगभग 3 लाख रुपये का सोना ठग लिया। आशा झा ने बताया कि दोनों युवकों की उम्र लगभग 25 से 27 साल के बीच थी।
ये भी पढ़ें- Bihar : सीएम नीतीश कुमार ने युवाओं को दिया संदेश, कहा- 1 करोड़ युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता
दो घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर मोहल्ले के लोगों ने सदर थाना की पुलिस को सूचित किया। हालांकि, स्थानीय टीओपी 2 पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने में करीब दो घंटे लग गए। टीओपी 2 के प्रभारी सनोज कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता आशा झा के आवेदन के आधार पर मामला संज्ञान में लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई और जांच करेगी।