फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: टंकी फुल कराने आए बदमाशों ने मचाया तांडव, पेट्रोल पंप कर्मी को गोली मारकर लूटे 18 हजार

Sat, 11 Apr 2026 09:55 PM IST
कोसी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहरसा

सार

Bihar: सहरसा के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में पूजा फ्यूल सेंटर पर तीन अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े हथियार के बल पर पेट्रोल पंप कर्मी को गोली मार दी और 18 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल कर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
विज्ञापन
अस्पताल में इलाजरत जख्मी पंप कर्मी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के सहरसा जिले में बेखौफ अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े एक पेट्रोल पंप पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तीन अज्ञात बदमाशों ने हथियार के बल पर नोजल मैन को गोली मार दी और 18 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घायल कर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

विज्ञापन


टंकी फुल कराने के बहाने आए, फिर तान दी बंदूक
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 4:30 बजे तिरी स्थित पूजा फ्यूल सेंटर की है। एक बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी पेट्रोल पंप पर पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद नोजल मैन आनंद कुमार से बाइक की टंकी फुल करने को कहा। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद अपराधियों ने हथियार निकाल लिया और कैश की मांग करने लगे। जब आनंद कुमार ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उनके पैर में गोली मार दी। गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसका फायदा उठाकर अपराधी 18 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।

घायल की हालत स्थिर
गोली लगने से घायल आनंद कुमार को आनन-फानन में लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली उनके बाएं पैर के आर-पार हो गई है, लेकिन राहत की बात यह है कि इलाज के बाद उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
विज्ञापन


पंप मालिक का फूटा गुस्सा
इस दुस्साहसिक घटना के बाद पेट्रोल पंप के मालिक अर्जुन चौधरी ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि इलाके में पहले भी ऐसी वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अपराधी आसानी से जमानत पर छूट जाते हैं और फिर से अपराध करते हैं। चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर पंप की सुरक्षा के लिए एक मजिस्ट्रेट, एक पुलिस अधिकारी और दो जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन घटना के समय वे सभी मौके से गायब थे। आक्रोशित मालिक ने बैजनाथपुर थाना अध्यक्ष के निलंबन की मांग की है।

ये भी पढ़ें: 'नया CM आते ही बिहार में खत्म होगी शराबबंदी' सहरसा में प्रशांत किशोर के दावों से मचा हड़कंप
विज्ञापन


सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस 
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। साइबर डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस को मौके से एक खोखा मिला है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना से स्थानीय कारोबारियों में भारी रोष है। जिला व्यापार संघ ने लूट की कड़ी निंदा करते हुए सहरसा के पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप करने और अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें