सहरसा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सदर थाना इलाके में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने बंद कमरे में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। छात्रा ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है और परिजनों को भी इसकी कोई भनक नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
शिक्षक पिता की सबसे छोटी लाडली थी अनुप्रिया
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बलथी वार्ड नंबर-3 निवासी राजेश कुमार की 14 वर्षीय बेटी अनुप्रिया कुमारी के रूप में हुई है। अनुप्रिया दो बहनों में सबसे छोटी थी। उसके पिता राजेश कुमार पेशे से सरकारी शिक्षक हैं।
पिता कोर्ट के काम से आए थे सहरसा, तभी घटी अनहोनी
मृतका के पिता राजेश कुमार ने बताया कि मंगलवार को उनका कोर्ट में एक मामले को लेकर तारीख थी, जिसके सिलसिले में वे सहरसा आए हुए थे। उनकी बेटी सहरसा नगर निगम के कहरा अंतर्गत सुचिता झा के मकान में दूसरी मंजिल पर एक कमरा किराए पर लेकर रहती थी और वहीं से अपनी पढ़ाई कर रही थी। अचानक उसने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और दुपट्टे का फंदा बनाकर उससे लटक गई।
ये भी पढ़ें:
अप्रैल की भीषण गर्मी के बीच सुबह छाया कुहासा, मौसम का बदला मिजाज
पुलिस और एफएसएल टीम कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही बदहवास पिता ने तुरंत सहरसा सदर थाने की पुलिस को फोन कर सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मुआयना किया। थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में ले लिया गया है। छात्रा ने आत्महत्या किन कारणों से की, इसके पीछे क्या वजह रही, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।