बिहार के सहरसा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पस्तपार थाना क्षेत्र के एक मकई के खेत में शनिवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका पिछले दो दिनों से लापता थी। परिजनों ने महिला की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। मृतका की पहचान पस्तपार थाना क्षेत्र के वार्ड 12 निवासी लड्डू कुमार मंडल की 30 वर्षीय पत्नी उषा देवी के रूप में हुई है। मृतका का पति लड्डू कुमार दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है और घटना के वक्त भी वह घर से बाहर ही था।
मजदूरों को दुर्गंध आई, तब खुला राज
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को महिला के घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित मकई के खेत में कुछ मजदूर खाद डालने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें खेत के अंदर से तेज दुर्गंध आई। जब मजदूरों ने नजदीक जाकर देखा, तो वहां एक महिला का शव पड़ा था। शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
बाजार जाने की बात कहकर निकली थी घर से
परिजनों ने पुलिस को बताया कि उषा देवी गुरुवार दोपहर अपने बच्चों से यह कहकर निकली थी कि वह बाजार जा रही है और शाम तक लौट आएगी। लेकिन जब देर रात तक वह घर नहीं लौटी, तो परिवार में बेचैनी बढ़ गई। रिश्तेदारों से लेकर हर संभावित जगह उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला। थक-हारकर शुक्रवार दोपहर परिजनों ने नजदीकी थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
क्या कहती है पुलिस?
घटना की सूचना मिलते ही सहरसा सदर एसडीपीओ आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया गया है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने अपनी जांच की है।