अधीक्षण अभियंता का सहरसा स्थित कार्यालय
सहरसा में पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के आवास और कार्यालय पर बुधवार को स्पेशल विजिलेंस यूनिट (एसवीयू) की टीम ने अचानक छापेमारी की। जांच एजेंसी की इस बड़ी कार्रवाई से विभाग और प्रशासनिक महकमे में दिनभर हड़कंप मचा रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के मामले में विशेष निगरानी इकाई ने एक साथ तीन जिलों में विजय कुमार के ठिकानों पर दबिश दी है।
दो गाड़ियों से पहुंचे थे अधिकारी, एक घंटे तक चली पूछताछ
सहरसा में दो अलग-अलग वाहनों से विशेष निगरानी इकाई की पांच सदस्यीय टीम पहुंची थी। टीम ने एक साथ अधीक्षण अभियंता के सरकारी कार्यालय और उनके आवास पर दस्तक दी। अधिकारियों ने विजय कुमार से करीब एक घंटे तक गहन पूछताछ की और कार्यालय के दस्तावेजों की पड़ताल की। सूत्रों के अनुसार, सहरसा स्थित आवास और कार्यालय से टीम को कोई खास आपत्तिजनक दस्तावेज हाथ नहीं लगा। इसके बाद पूछताछ पूरी कर टीम वहां से रवाना हो गई।
तीन जिलों में एक साथ कार्रवाई, नकदी मिलने की चर्चा
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, एसवीयू की अलग-अलग टीमें तीन जिलों सहरसा, पटना और औरंगाबाद में उनके ठिकानों को खंगाल रही हैं। राजधानी पटना के महेश नगर और दानापुर के गोला रोड स्थित परिसरों में भी जांच की गई। वहीं, अभियंता के पैतृक गृह जिले औरंगाबाद के दाऊदनगर स्थित आवास पर भी टीम ने छापेमारी की है। चर्चा है कि इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान अन्य ठिकानों से करीब 10 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।
ये भी पढ़ें- बिहार: नीतीश कमार से मिलने क्यों पहुंचे सम्राट चौधरी, बताया किनके सहयोग से बिहार को बनाएंगे विकसित?
प्रतिक्रिया देने से बचते रहे अभियंता
छापेमारी के बाद जब स्थानीय पत्रकारों ने अधीक्षण अभियंता विजय कुमार से इस संबंध में बात करनी चाही, तो उन्होंने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से साफ इनकार कर दिया। छापेमारी की मुख्य वजह और विभागीय कार्रवाई पर उन्होंने चुप्पी साधे रखी। वहीं, निगरानी टीम के अधिकारियों ने भी स्थानीय स्तर पर तत्काल कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है। मामले में एसवीयू के वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से जल्द आधिकारिक बयान जारी किए जाने की संभावना है।