बख्तियारपुर पुलिस सर्किल क्षेत्र के कनरिया थाना अंतर्गत सुखसनी गांव में कुछ दिन पहले 60 वर्षीय वृद्ध नारायण यादव की गला रेतकर की गई निर्मम हत्या की गुत्थी अब सुलझती नजर आ रही है। पुलिस ने मंगलवार को मृतक का गायब सिर बरामद कर लिया।
मृतक की पत्नी साबो देवी ने दो से तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कनरिया थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया है। इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया था। सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने लोगों से अपील की है कि वे भयभीत न हों। उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
सोमवार को एसडीपीओ, एसटीएफ डीएसपी और पुलिस बल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पानी से भरे गड्ढे में मृतक का सिर तलाशने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद मंगलवार को एसडीपीओ डॉग स्क्वायड की टीम के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान चलाया। पुलिस को घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर खेत में सिर मिला।
पढे़ं: 3.97 करोड़ के मालिक हैं विधायक बिजेंद्र, रामविलास के पास 91.50 लाख की संपत्ति; और कौन-कौन शामिल
घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। इस मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया था। टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठा कर अपने साथ ले गई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
गौरतलब है कि रविवार को नारायण यादव घास काटने के लिए बहियार (खेत) गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। इस दौरान घर से कुछ ही दूरी पर खेत में उनका शव बरामद हुआ था, जबकि सिर गायब था।