मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में गुरुवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहनपुर पंचायत के पत्नी टोला वार्ड-11 निवासी मनोज मेहता के पुत्र 21 वर्षीय रवि मोहन कुमार के रूप में हुई है। वहीं हमले में घायल युवकों की पहचान पड़ोसी छत्तीस कुमार और विक्रम कुमार के रूप में की गई है।
टहलने निकले युवकों पर बाइक सवार बदमाशों का हमला
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार रात करीब 9:30 बजे तीनों युवक खाना खाने के बाद घर से लगभग 100 मीटर दूर ड्रेनेज के किनारे टहलने निकले थे। इसी दौरान छह बाइकों पर सवार दस से ज्यादा बदमाश वहां पहुंचे और तीनों युवकों को घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार के बल पर मारपीट शुरू कर दी और चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान विक्रम कुमार और छत्तीस कुमार किसी तरह जान बचाकर पास के खेत में छिप गए। वहीं बदमाशों ने रवि मोहन कुमार को पकड़ लिया और उसे ड्रेनेज के दूसरी ओर मक्के के खेत में ले गए, जहां उस पर चाकू से कई वार किए गए।
मक्के के खेत में मिला युवक का शव
हमले के बाद घायल युवकों ने परिजनों को सूचना दी कि रवि मोहन कुमार के साथ मारपीट की जा रही है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद मक्के के खेत में खून से लथपथ रवि मोहन कुमार का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही बिहारीगंज थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया। इसके अलावा उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ अविनाश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पढ़ें- Bihar News: किसका सिर ढूंढ़ रही बिहार पुलिस? जमीन में गर्दन से नीचे का पूरा हिस्सा देखते ही डर गए लोग
शादी समारोह में हुए विवाद से तार जुड़ने की आशंका
ग्रामीणों के अनुसार, 11 मार्च की रात मृतक के पड़ोसी मंटू मेहता उर्फ चंद्रदेव मेहता की बेटी की शादी थी, जिसमें गणेशपुर से बारात आई थी। बारात के दौरान पटाखा फोड़ने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान रवि मोहन कुमार की आंख में पटाखा लग गया था। परिजनों को आशंका है कि उसी विवाद के कारण बारात पक्ष के कुछ लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। बताया गया कि मृतक रवि मोहन कुमार अपने पिता के साथ खेती-बाड़ी करता था और सब्जी का कारोबार भी करता था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और गांव में भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।