सुपौल जिले के छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डहरिया पंचायत स्थित वार्ड 11 में मंगलवार की शाम एग्रिकल्चर ट्रांसफार्मर का फ्यूज ठीक कर रहे एक बिजली मिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक छातापुर पंचायत के वार्ड 8 निवासी सचेन यादव का पुत्र प्रमोद कुमार (30 साल) बताया जाता है। बताया जा रहा है कि प्रमोद बिना शट डाउन के ही फ्यूज बनाने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और ट्रांसफार्मर से चिपक गया। प्रमोद के शरीर में किसी प्रकार की हरकत नहीं होता देख मौके पर मौजूद लोगों ने बांस बल्ले के सहारे उसे नीचे उतारकर एंबुलेंस मंगवाया और सीएचसी पहुंचाया। हालांकि वहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी में रोते बिलखते परिजन व जुटी लोगों की भीड़।
दो दिन पूर्व सहयोग के लिए हुआ था अधिकृत
इधर, हंगामे के बीच मृतक के परिजन विभागीय अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। घटना के बाद मृतक की पत्नी अरुणा देवी, मां बिजली देवी, पिता सचेन यादव सहित सभी परिजन परिवार दहार मारकर रो रहे थे। मृतक को एक चार साल का पुत्र और एक छः माह की बेटी है। इधर, लाइनमैन वरूण कुमार ने बताया कि घटना के समय मैं स्थल पर नहीं था। प्रमोद ने मुझसे फोन पर पीएसएस से शट-डाउन लेने के लिए कहा था। मैंने शट डाउन के लिए पीएसएस को फोन पर कहा ही था कि इस बीच किसी के कहने पर प्रमोद ट्रांसफार्मर के खंभे पर चढ़ गया। वरूण के अनुसार दो दिन पूर्व ही प्रमोद को सहयोगी के तौर पर विद्युतीय कार्य के लिए अधिकृत किया था। जबकि वह निजी तौर पर बीते कई वर्षों से वह विभाग के कार्य में सहयोग कर रहा था।