फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar News: श्राद्ध भोज में फायरिंग का खुलासा, वर्चस्व की जंग में चलीं गोलियां, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Thu, 06 Aug 2026 08:31 PM IST
कोसी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा

सार

बिहार के मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी गांव में श्राद्ध भोज के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि यह घटना दो आपराधिक गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा थी।
विज्ञापन
पुलिस गिरफ्त में दोनों आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार के मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी गांव में श्राद्ध भोज के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह वारदात दो आपराधिक गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा थी। इस अंधाधुंध फायरिंग में एक निर्दोष व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक और एक गाय गोली लगने से घायल हो गए।

श्राद्ध भोज के दौरान शुरू हुई अंधाधुंध फायरिंग

गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी प्रवेंद्र भारती ने बताया कि एक अगस्त की रात करीब नौ बजे बेहरारी गांव निवासी संजय यादव के यहां श्राद्ध भोज का आयोजन था। इसी दौरान संदीप पहलवान और विवेक यादव गुट के बीच पुराने वर्चस्व विवाद को लेकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई।

बीच-बचाव करने पहुंचे रामू यादव की मौके पर मौत

एएसपी ने बताया कि मृतक रामू यादव (50) का किसी भी आपराधिक गुट से कोई संबंध नहीं था। वह श्राद्ध भोज में खाना परोसने गया था। फायरिंग शुरू होने पर जब उसने बीच-बचाव का प्रयास किया तो अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में राजकुमार (25) घायल हो गया, जबकि एक गाय को भी गोली लग गई।

घटनास्थल से मिले 15 खोखे और अन्य साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही सिंहेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से 15 खोखे, एक जिंदा कारतूस और एक राइफल का कॉकिंग हैंडल बरामद किया। मृतक के पुत्र श्रवण कुमार के आवेदन पर सिंहेश्वर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गिरफ्तारी

एएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना और लगातार छापेमारी के आधार पर 5 अगस्त को गम्हरिया थाना क्षेत्र के सिंगियोन गांव से दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकरपुर थाना क्षेत्र के कबियाही वार्ड-14 निवासी विवेक यादव और मनखुश यादव के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं सात संगीन मामले

एएसपी ने बताया कि विवेक यादव का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ शंकरपुर, छातापुर और सिंहेश्वर थाना में लूट, चोरी, हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत सात संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।

इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सिंहेश्वर थानाध्यक्ष बिनोद कुमार सिंह, सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, गम्हरिया थानाध्यक्ष राघव शरण, शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार, रतवारा थानाध्यक्ष सुड्डू कुमार तथा डीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें