केशव कुमार का फाइल फोटो।रोते बिलखते परिजन
बिहार के मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहालपट्टी गांव का एक युवक गंगा स्नान के दौरान लापता हो गया है। यह हादसा रविवार की रात महादेवपुर घाट पर उस समय हुआ, जब नेहालपट्टी निवासी गरीब साह का 19 वर्षीय पुत्र केशव कुमार गंगा में स्नान कर रहा था। घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन लगातार उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं।
पांच साल से सावन में जाता था महादेवपुर घाट
परिजनों ने बताया कि केशव कुमार हर वर्ष श्रावण मास में महादेवपुर घाट से गंगाजल लेकर सिंहेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करता था। इस बार भी वह अपनी इस परंपरा को निभाने के लिए अपने बड़े भाई नीरज कुमार और गांव के 10-12 अन्य युवकों के साथ तीन अगस्त की रात महादेवपुर घाट पहुंचा था। वहां सभी गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान केशव अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबकर लापता हो गया।
24 घंटे के बाद भी कोई सुराग नहीं
युवक के डूबने की सूचना मिलते ही परबत्ता थाना की पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद तत्काल बचाव टीम को सूचना दी गई। टीम ने देर रात से ही गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया, लेकिन जलस्तर अधिक होने के कारण अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। घटना के बाद से नेहालपट्टी गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से गंगा नदी में और सघन सर्च ऑपरेशन चलाने की मांग की है ताकि युवक का जल्द से जल्द सुराग मिल सके। पिता ने रोते हुए कहा कि केशव घर में लक्ष्मी के समान था। वह बहुत मेहनती था। घर के हर काम में हाथ बंटाता था।