शनिवार की सुबह से सहरसा, मधेपुरा और दरभंगा के अस्पतालों में इलाजरत रही युवती शनिवार की शाम को जिंदगी की जंग हार गई। अब सबों की नजर पुलिसिया कार्रवाई पर है। यदि ऑनर किलिंग है तो यह बात सामने आए यदि नहीं है तो हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा मिले।
पुआल के ढ़ेर में फेंकी मिली थी युवती
जिले के महिषी प्रखंड स्थित एना गांव के खेत में शनिवार की सुबह युवती का गला रेता हुआ शरीर फेंका मिला था। जान मारने की नीयत से एना स्थित श्मशान के समीप किसी ने धारदार हथियार से गला रेतकर युवती को पुआल के ढ़ेर में फेंक दिया था। आते-जाते लोगों की उस पर नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर महिषी थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और बेहोशी अवस्था में जख्मी लड़की को इलाज के लिए तत्काल सहरसा सदर अस्पताल भेजवाया। जहां उसकी स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर कर दिया। वहां भी डॉक्टरों की टीम ने उसकी स्थिति सामान्य करने का भरसक प्रयास किया. लेकिन स्थिति सुधरता नहीं देख डॉक्टरों ने वहां से भी उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर कर दिया। इलाज के क्रम में युवती ने वहीं दम तोड़ दिया। युवती की पहचान नवहट्टा थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी बुच्चन शर्मा की पुत्री ललिता कुमारी के रूप में की गयी है।
कुछ दिनों से थी ननिहाल में युवती
जानकारी के अनुसार मृतका बीते कुछ दिनों से महिषी के एना गांव स्थित अपने ननिहाल में रह रही थी। गला रेत कर हत्या का प्रयास किए जाने के बाद अब तक परिजनों द्वारा पुलिस को कोई आवेदन नहीं दिया गया है। जानकारी के अनुसार इधर युवती की मौत हो जाने के बाद एना स्थित ललिता के मामा विनोद शर्मा से पूछताछ की है।
क्या कहते है थानाध्यक्ष
इस बाबत पूछे जाने पर महिषी थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने कहा कि पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति और भी स्पष्ट होगी। पुलिस इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करेगी। अभी तक आवेदन नहीं मिला है। कुछ देर पहले अंतिम संस्कार हुआ है। पुलिस आवेदन का इंतजार कर रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।