घटना के बाद रोते-बिलखते हुए परिजन। फोटो - अमर उजाला डिजिटल
मधेपुरा में बुधवार की रात अपराधियों ने पूर्व मुखिया के पति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रतवारा थाना क्षेत्र के सोनामुखी बाजार की है। मृतक की पहचान गंगापुर पंचायत की पूर्व मुखिया अर्चना कुमारी के पति संजय जायसवाल उर्फ बमबम भगत (50) के रूप में हुई है। अपराधियों ने संजय जायसवाल उर्फ बमबम भगत को चार गोली मारी है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि संजय जायसवाल बुधवार शाम कुछ दोस्तों के साथ सोनामुखी कचहरी के पास भुट्टा पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी खत्म होने के बाद करीब नौ बजे वह सड़क पर टहल रहे थे। तभी वहां अचानक अपराधी पहुंच गये और उनपर दनादन फायरिंग करने लगे। इस घटना में उन्हें चार गोलियां लगी। सिर, गर्दन, सीना और पैर में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह खबर भी पढ़ें -PM Modi in Bihar : आज मधुबनी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 13500 करोड़ की किन किन परियोजनाओं की देंगे सौगात
एक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार, रतवारा थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ शर्मा, आलमनगर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हत्या के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा कर रात करीब तीन बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम एक्स-रे के बाद कराया गया। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है और शक के आधार पर मृतक के करीबी बिपिन शर्मा को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।
वर्ष 2016 से 21 तक मुखिया थी पत्नी
मृतक की पत्नी डॉ. अर्चना कुमारी वर्ष 2016 से 2021 तक गंगापुर पंचायत की मुखिया रह चुकी हैं। उनको दो बेटी और एक बेटा है। घटना के बाद पत्नी अर्चना कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भतीजे राकेश कुमार ने बताया कि भुट्टा पार्टी में करीब सौ लोग शामिल थे। पार्टी के बाद वे घर चले गए, लेकिन संजय को उनके कुछ साथियों ने पान खाने के बहाने घर से दूर बुलाया और वहीं उनकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि संजय जायसवाल समाजसेवी स्वभाव के थे और किसी से उनका कोई निजी विवाद नहीं था। उनका जनसेवा भाव ही शायद कुछ लोगों को नागवार गुजरा। घटना को लेकर उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि पुलिस हत्या के कारणों का पता लगा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
यह खबर भी पढ़ें -Bihar News : आतंकी हमले पर गरजे गिरिराज, कहा- आज भी कई लोगों की जुबान है बंद