पूरे बिहार में रूपेश ने पांचवां स्थान प्राप्त किया
- फोटो : Amar Ujala
बिहार बोर्ड मैट्रिक 2026 का परिणाम आते ही सहरसा जिले में जश्न का माहौल छा गया। जिले के दो होनहार छात्रों रूपेश कुमार और दिवाकर कुमार ने राज्य की टॉप-10 मेरिट लिस्ट में जगह बनाकर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे सहरसा का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। इसमें खास बात यह है कि दोनों टॉपर एक ही इलाके सौरबाजार के स्कूलों से हैं।
मजदूर के बेटे की आई 5वीं रैंक
सौरबाजार प्रखंड के सुहथ गांव निवासी रूपेश कुमार ने 486 अंक यानी 97.2 प्रतिशत हासिल कर पूरे बिहार में पांचवां स्थान प्राप्त किया। उच्च माध्यमिक विद्यालय सुहथ के इस होनहार छात्र की कामयाबी इसलिए और भी भावुक करने वाली है क्योंकि उनके पिता हीरा यादव पंजाब की एक फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का गुजारा चलाते हैं। तंगहाली और सीमित संसाधनों के बावजूद रूपेश ने अपने दृढ़ संकल्प और अथक मेहनत से यह मुकाम हासिल किया।
दिवाकर लाया 9वीं रैंक
रूपेश के साथ ही हाई स्कूल सौरबाजार के छात्र दिवाकर कुमार ने भी 482 अंक यानी 96.4 प्रतिशत हासिल कर राज्य में नौवां स्थान प्राप्त किया। पिता गौरी शंकर यादव के इस होनहार बेटे के शानदार प्रदर्शन से स्कूल के शिक्षकों और परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई।
ये भी पढ़ें-
जलती चिताओं के बीच जगी ज्ञान की लौ: श्मशान घाट में रोजाना 8 घंटे पढ़ाई करती थी माही; मैट्रिक में ले आई 454 अंक
सौरबाजार में उत्सव जैसा माहौल
एक ही इलाके से दो छात्रों के राज्य की टॉप-10 सूची में जगह बनाने की खबर फैलते ही पूरे सहरसा और खासकर सौरबाजार में जश्न का माहौल बन गया। रूपेश और दिवाकर के घरों पर सुबह से ही बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। शिक्षक, परिजन और ग्रामीण एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मना रहे हैं।