घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के मधेपुरा जिला अंतर्गत कुमारखंड थाना परिसर में मंगलवार 10-15 असमाजिक तत्वों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन एएसआई, एक ड्राइवर और एक डाटा ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय कुमारखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घटना की शुरुआत एक पुराने भूमि विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडीस्थान गांव में मो. लड्डू और मो. जब्बार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार को इस मामले में एक पक्ष द्वारा थाने में आवेदन भी दिया गया था। लेकिन जांच से पहले ही दूसरे पक्ष ने देर रात खेत जोत डाला, जिससे तनाव और बढ़ गया।
मंगलवार सुबह एक व्यक्ति इसी मामले को लेकर थाने पहुंचा और थानाध्यक्ष से बातचीत के दौरान विवाद में उलझ गया। पुलिस ने स्थिति को शांत करने के लिए उसे थाने में बैठा लिया। तभी अचानक बाइक पर सवार करीब 10-15 युवक थाने में घुस आए और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थी की हत्या, अपराधियों ने मारी गोली; जांच में जुटी पुलिस
चार आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस हमले में एएसआई गणेश पासवान, एएसआई रविकांत कुमार, एएसआई राकेश कुमार, चालक राजीव कुमार और डाटा ऑपरेटर प्रीतम कुमार घायल हो गए। हमले के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार हमलावरों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मधेपुरा के एएसपी प्रवेन्द्र भारती ने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।