बिहार के जहानाबाद और गया के बाद कैमूर के भगवानपुर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत एक लड़की के साथ कुछ लड़कों ने मिलकर छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया था। जिससे पता चलता है कि बिहार में लड़कियां सार्वजनिक स्थलों पर भी सुरक्षित नहीं रही हैं। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है।
पुलिस ने कहा, 'हमने वीडियो में दिख रहे सभी 6 लोगों की पहचान कर ली है और उसमें से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।' पिछले कुछ महीनों से बिहार में
छेड़खानी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। सबसे पहले जहानाबाद में उसके बाद गया से इस तरह की दो घटनाएं सामने आई थीं जिसमें नाबालिग बच्चियों के साथ मनचलों ने छेड़छाड़ की थी।
खबरों के अनुसार लड़कों के एक समूह ने नाबालिग प्रेमी जोड़े को देखकर उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि मनचले किस तरह नाबालिग लड़की के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं पीड़िता और उसका नाबालिग प्रेमी मनचलों से उन्हें छोड़ देने की गुहार लगा रहे हैं। मगर आरोपियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ता है। वीडियो सामने आने के बाद कैमूर के पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की है।
पुलिस ने बताया कि
वायरल वीडियो में दिख रहे सभी दबंग मनचलों की पहचान की जा चुकी है। सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं। इनमें से दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि वो जल्द ही सारे आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।