पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया ह।
- फोटो : अमर उजाला
कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के डहरक गांव में संपत्ति विवाद को लेकर सगे भाइयों ने अपने बड़े भाई, भाभी और दो मासूम भतीजे-भतीजी की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा किया तो सामने आई कहानी ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एसपी हरिमोहन शुक्ला ने पूरी घटना की जानकारी दो सबलोग दंग रह गए। एसपी के अनुसार, सात मई को कृष्ण मुरारी गुप्ता, उनकी पत्नी दुर्गेश कुमारी, आठ वर्षीय बेटे अंश और चार वर्षीय बेटी कीर्ति की हत्या उनकी मां के सामने ही कर दी गई। आरोप है कि छोटे भाई विकास गुप्ता, राहुल उर्फ गौतम और महाराष्ट्र से आए उनके साथी दीपक कुमार राजपूत ने कुल्हाड़ी और चाकू से पूरे परिवार की हत्या कर दी। हत्या के बाद शवों को टुकड़ों में काटकर सूटकेस और बोरे में भरकर दुर्गावती नदी पुल के नीचे तथा अभेदे नहर किनारे फेंक दिया गया।
जानिए किस बात से नाराज था विकास
एसपी ने बताया कि चार मई को कृष्ण मुरारी की मां ने महाराष्ट्र में रह रहे छोटे बेटे विकास को फोन कर बताया था कि बड़ा बेटा उसके साथ मारपीट करता है। इसी विवाद से नाराज विकास ने अपने साथी दीपक के साथ मिलकर पूरे परिवार की हत्या की साजिश रची। छह मई को दोनों गांव पहुंचे और हत्या में इस्तेमाल होने वाले औजार जुटाए। सात मई को बच्चों के स्कूल से लौटने के बाद एक-एक कर सभी की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपितों ने शवों को ठिकाने लगाने के लिए स्कूटी का इस्तेमाल किया। विकास की निशानदेही पर पुलिस ने अकोढ़ी पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों से कृष्ण मुरारी और उनकी पत्नी का कटा हुआ सिर बरामद किया है।
कृष्ण मुरारी की मां बैठकर सबकुछ देखती रही
इधर, बच्चों की कटे सिर की तलाश में गोताखोर अकोढ़ी नदी में अभियान चला रहे हैं। पुलिस ने विकास के घर से एक देसी कट्टा, तीन कारतूस, चाकू, स्कूटी और लोहे काटने वाली कटर मशीन भी बरामद की है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के दौरान कृष्ण मुरारी की मां वहीं बैठी रही और सब कुछ देखती रही। घटना के बाद वह दोनों आरोपित बेटों के साथ महाराष्ट्र चली गई, ताकि बड़े बेटे के परिवार के गायब होने पर किसी को शक न हो।
फरार आरोपियों की तलाश में महाराष्ट्र गई पुलिस
एसपी ने बताया कि पुलिस ने विकास गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। चारों मृतकों के शवों के हिस्से बरामद होने के बाद अब पुलिस की विशेष टीम फरार चल रहे राहुल उर्फ गौतम और दीपक राजपूत की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम महाराष्ट्र गई है। चारों मृतकों के शव के हिस्से बरामद होने के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। मासूम बच्चों की हत्या से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाए।