बिहार में सारण जिले के एसपी डॉ. गौरव मंगला के स्कॉर्ट वाहन की चपेट में आ जाने से पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। यह घटना भेल्दी थाना अंतर्गत तकेया गांव के पास हुई। जहां स्कूल से घर लौट रही मासूम बच्ची की मौत इस सड़क दुर्घटना में हो गई। बच्ची के घायल होने के बाद उसे छपरा सदर अस्पताल लाया गया। जहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। इसके बाद पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही बच्ची की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृत बच्ची भेल्दी थाना क्षेत्र के पटराही खुर्द गांव निवासी मोहम्मद गुड्डू साह की बेटी अलीशा (5) बताई गई है। वह तकेया स्कूल से पढ़कर घर जा रही थी। दुर्घटना के बाद आनन-फानन में उसे छपरा सदर अस्पताल लाया गया था। बच्ची के पिता मोहम्मद गुड्डू साह ने बताया कि एसपी के स्कॉर्ट वाहन की चपेट में आने से उनकी बच्ची की हालत बिगड़ी है। सदर अस्पताल द्वारा उसे पीएमसीएच रेफर करने के बाद पटना ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
हालांकि उस दौरान सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थानाध्यक्ष और पुलिस कर्मियों के द्वारा इस घटना से अनभिज्ञता जाहिर की। भेल्दी थानाध्यक्ष ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बच्ची दुर्घटनाग्रस्त हुई है। पटना ले जाने के दौरान रास्ते में बच्ची की मौत के बाद शव को वापस लाया गया। जहां छपरा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द किया गया है।