71 वर्षीय भारतीय मूल के अमेरिकी डॉ. सैयद ताज अमेरिकी राज्य मिशिगन में मेयर पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। अगर चुनाव जीत जाते हैं तो वह मिशिगन में मेयर बनने वाले अपने समुदाय के पहले व्यक्ति होंगे। चुनाव में जीत हासिल करने के लिए उन्होंने एक जातीय और धार्मिक गठबंधन बनाया है।
खास बात यह है कि डॉ. सैयद ताज भारतीय राजनेता सैयद शहाबुद्दीन के भाई हैं। शहाबुद्दीन ने अपना कैरियर एक राजनयिक के रूप में शुरू किया था और बाद में वह राजनीति में आ गए और 1979 से 1996 के बीच तीन बार संसद सदस्य रहे।
सैयद ताज का जन्म बिहार के गया में हुआ था। बिहार में स्कूली शिक्षा हासिल करने के बाद वे रांची के सेंट जेवियर कॉलेज पहुंचे। इसके बाद उन्होंने 1968 में पटना मेडिकल कॉलेज से मेडिकल डिग्री ली। 1982 में वे अपनी पत्नी सोफिया के साथ अमेरिका के मिशिगन चले गए।