बेनामी संपत्ति को लेकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की पत्नी राबड़ी देवी, बेटे पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव व राज्यसभा सांसद मीसा भारती की परेशानी बढ़ गई है। तीनों से आयकर विभाग ने पटना कार्यालय में लंबी पूछताछ की है। दिल्ली से आए आयकर विभाग के उपायुक्त स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में पूछताछ की गई। पूछताछ में क्या कुछ निकला है, यह अभी कोई बताने वाला नहीं है, लेकिन सूत्रों की मानें तो करीब चार घंटे तक हुई पूछताछ में राबड़ी देवी पूरी तरह टूट गई और कई सवालों के उत्तर उनके पास नहीं थे। कई सवालों पर तेजस्वी बुरी तरह झुंझला गए और उनके सामने कोई जवाब नहीं था।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह साढ़े 10 बजे ही आयकर कार्यालय में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बुलाया। बाद में दो बजे के करीब पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी व मीसा भारती को भी बुला लिया गया। राबड़ी के आयकर कार्यालय पहुंचने के बाद ही मीडिया को इस पूछताछ की भनक लगी।
मीडिया में खबर आते ही बिहार की सियासत में हलचल मच गई। खासकर राजद के कार्यकर्ता आयकर कार्यालय के सामने जमा होने लगे। शाम करीब साढे़ छह बजे तेजस्वी यादव आयकर कार्यालय से निकले और बिना किसी से बात किये सीधा अपने आवास की ओर निकल गए। उनके निकलने के करीब 10 मिनट बाद राबड़ी देवी और मीसा भारती भी कार्यालय से बाहर आईं। दोनों के चेहरे पर तनाव था और दोनों पत्रकारों के किसी सवाल का उत्तर दिए बिना निकल गईं।
कहा जा रहा है कि पूछताछ की तारीख और समय पहले से तय था और लालू प्रसाद से चर्चा के बाद ही यह पूछताछ की गई है। सारी जानकारी मीडिया से छिपा कर रखी गई थी।