लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने शुक्रवार को कहा कि चुनाव प्रचार के लिए मुझे प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर लगाने की जरूरत नहीं है। वह मेरे दिल में बसते हैं। मैं उनका हनुमान हूं, मेरा सीना चीर कर देख लें। मोदी के साथ था, हूं और रहूंगा। दरअसल, चिराग ने यह बात समाचार एजेंसी एएनआई को दिए एक साक्षात्कार में कही।
दरअसल, बिहार में विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। 28 अक्तूबर को पहले चरण का मतदान होना है। ऐसे में राज्य में चुनावी हलचल जारी है। शुक्रवार को बिहार में सत्ताधारी गठबंधन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें बताया गया कि प्रधानमंत्री राज्य में 12 रैलियां करेंगे।
एनडीए एक बार फिर नीतीश कुमार की अगुवाई में राज्य में विधानसभा का चुनाव लड़ रही है। उसे एक बार फिर राज्य की सत्ता पर काबिज होने की उम्मीद है। वहीं, राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने लोक जनशक्ति पार्टी पर हमला बोला और उसे वोटकटवा पार्टी करार दिया। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने भी शुक्रवार को लोजपा प्रमुख चिराग पासवान पर आरोप लगाए।
चिराग ने चुना हमसे अलग रास्ता- जावड़ेकर
जावड़ेकर ने कहा कि चिराग पासवान ने बिहार में हमसे अलग रास्ता चुना है। वह लोगों को भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का नाम लेकर बहका रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी कोई 'बी' या 'सी' टीम नहीं है। जावड़ेकर ने भरोसा जताया कि एनडीए को तीन चौथाई बहुमत मिलेगा और कहा कि लोजपा एक वोटकटवा पार्टी बनकर रह जाएगी।
बता दें कि बिहार में लोजपा अलग से चुनाव लड़ रही है। पार्टी एनडीए का हिस्सा नहीं है। वहीं, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कुर्सी के लालच में नीतीश कुमार ने बिहार को गर्त में पहुंचा दिया है।
बिहार में 12 रैलियां करेंगे पीएम मोदी
बिहार चुनाव के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 'बिहार में प्रधानमंत्री जी की सारी रैलियां एनडीए की रैली होगी। वह 12 रैलियां करेंगे। इसमें सबसे पहले 23 तारीख को सासाराम, गया और भागलपुर में होंगी। 28 को दरभंगा में पहली रैली, मुजफ्फरपुर में दूसरी और पटना में तीसरी रैली करेंगे। फिर वह एक नवंबर को आएंगे। प्रधानमंत्री की सभा के जरिए राज्य के विकास का नक्शा जनता के सामने रखा जाएगा। प्रधानमंत्री की रैली को एलईडी स्क्रीन के जरिए ज्यादा से ज्यादा जनता तक पहुंचाया जाएगा। इस सभा में सामाजिक दूरी का ध्यान रखा जाएगा।'
ये है प्रधानमंत्री मोदी का बिहार चुनाव प्रचार का कार्यक्रम
- 23 अक्तूबर को सासाराम, गया और भागलपुर में होगी प्रधानमंत्री की पहली रैली।
- 28 अक्तूबर को दरभंगा और मुजफ्फरपुर में रैली करेंगे।
- एक नवंबर को छपरा, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर में रैली होगी।
- तीन नवंबर को पश्चिमी चंपारण, अररिया, फारबिसगंज में प्रधानमंत्री रैली करेंगे।