Bihar Police : पूर्व वार्ड सदस्य की हत्या के केस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, बेहद घिनौनी हकीकत सामने आयी। मां दूसरे से प्रेम करती थी तो बेटे ने उस प्रेमी का साथ दिया अपने पिता के मर्डर में। बेटा लाइनर हो, पत्नी मुक्ति चाहती हो तो हत्या मुश्किल नहीं।
आरा में पूर्व वार्ड सदस्य त्रिभुवन महतो उर्फ छोटू की गोली मारकर हत्या मामले का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर उद्भेदन कर लिया है। इस बात की जानकारी भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार यादव ने दी है। घटना के संबंध में पुलिस कप्तान प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पिछले शुक्रवार को कोईलवर थाना क्षेत्र के आरा-छपरा फोरलेन स्थित चनपुरा बाजार के पास कोईलवर वार्ड नंबर 1 के पूर्व वार्ड सदस्य त्रिभुवन महतो उर्फ छोटू की बाइक सवार दो हथियार बंद अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अनुसंधान के दौरान पता चला कि त्रिभुवन महतो की हत्या उनकी पत्नी के अवैध संबंध और बेटे के साथ सही रिश्ते नहीं होने की वजह से कई गई थी। पुलिस ने इस हत्याकांड में मृतक के बेटे कुश कुमार और कोईलवर वार्ड नंबर 14 निवासी मुन्ना चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए बाइक और मोबाइल फोन को भी बरामद किया है।
विज्ञापन
इस वजह से हुई हत्या
पुलिस का कहना है कि त्रिभुवन महतो की हत्या उनकी पत्नी अनीता देवी के प्रेमी मुन्ना चौधरी ने दो शूटरों के साथ मिलकर किया था और इसमें मृतक के छोटे बेटे कुश कुमार ने लाईनर की भूमिका निभाई थी। जब पुलिस ने मृतक के बेटे कुश कुमार और उनकी पत्नी के प्रेमी मुन्ना चौधरी को गिरफ्तार कर उससे पुछताछ की तो उसने पुलिस को अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि मुन्ना चौधरी त्रिभुवन महतो की पत्नी के साथ अवैध संबंध था और वह उसके घर अक्सर आना जाना भी करता था। यह बात त्रिभुवन महतो को नागवार लगती थी। वहीँ दूसरी तरफ आरोपी बेटे के मुताबिक उसके पिता से उसका अच्छा रिश्ता नहीं था। अक्सर पैसे और अन्य मामलों को लेकर पिता पुत्र में अक्सर मारपीट हुआ करता था, जिसको लेकर दोनों ने मिलकर त्रिभुवन महतो की हत्या की साजिश रच डाली। दोनों ने शूटरों की मदद से उनकी गोली मारकर हत्या करवा दी।