Bihar : लॉ कॉलेज में दिन दहाड़े छात्र की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इसे कुख्यात बता रही है,जबकि इस हत्या कांड में दस से अधिक बदमाश थे, जिन्होंने मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
वैशाली के रहने वाले छात्र नेता की पटना में हत्या मामले में पुलिस ने अब खुलासा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि लगभग 8 महीने पूर्व जदयू कार्यालय के बगल में मिलर स्कूल के मैदान में डांडिया कार्यक्रम का आयोजन हुआ था, जिसमें कार्यक्रम के दौरान दो गुटों में झगड़ा हुआ था। पुलिस ने अब कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में लाइनर के रूप में चंदन यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस का मानना है कि डांडिया कार्यक्रम में चंदन और हर्ष के बीच विवाद हुआ था और उसी समय चंदन ने हर्ष को देख लेने की धमकी दी थी। पुलिस का कहना है कि हर्ष हत्या कांड में चंदन लाइनर की भूमिका में था।
विज्ञापन
सड़क पर हुआ प्रदर्शन
पुलिस ने इस बात का खुलासा तब किया जब हर्ष के समर्थन में कुछ छात्रों ने गांधी मैदान के पास स्थित कारगिल चौक के पास जमा होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान उग्र छात्रों ने सड़क को पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क पर टायर भी जलाए। सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस वहां पहुंची और उन छात्रों को जाम हटाने को कहा, लेकिन छात्र मानने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने कुलपति को तुरंत हटाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गये। इस दौरान पुलिस और उग्र छात्रों के बीच नोंक-झोंक शुरू हो गई। इसी बात को लेकर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। इस दौरान पुलिस ने पांच छह छात्रों को हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर चंदन को कुख्यात कहते हुए हर्ष के मर्डर केस की पहली उपलब्धी बताई। हालांकि अभी कई गिरफ्तारियां बाकी हैं।
एसआईटी टीम ने बिहटा से किया गिरफ्तार
पुलिस का कहना है कि इस घटना के बाद एक एसआईटी टीम का गठन किया गया था, जिसने पटना के बिहटा इलाके से चंदन को गिरफ्तार किया है। चंदन पटना के जैक्सन हॉस्टल में रहता था। चंदन के अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जगह-जगह पर छापेमारी भी कर रही है, जिसमें बेगूसराय, नालंदा सहित कई जिलों में छापेमारी चल रही है। मृतक छात्र वैशाली जिले के वैशाली थाना क्षेत्र के मझौली का रहने वाला था।