सोनू-मोनू के घर पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
मोकामा में सुबह हुई फायरिंग में एक व्यक्ति को गोली लगने के बाद वह पीएमसीएच में जीवन और मौत से संघर्ष कर रहा है। वहीं, शाम होते-होते मोकामा के पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव में एक और फायरिंग की घटना सामने आई। आरोप है कि कुख्यात सोनू-मोनू गैंग ने सरपंच पति एवं प्रतिनिधि मुकेश सिंह पर कई राउंड फायरिंग की। हालांकि इस हमले में मुकेश सिंह बाल-बाल बच गए।
फेसबुक पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि पूरा मामला एक फेसबुक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ। सरपंच पति मुकेश सिंह ने पुलिस की प्रशंसा करते हुए फेसबुक पर एक पोस्ट किया था। इसी पोस्ट को लेकर गांव में विवाद की स्थिति बन गई।
पंचायत के दौरान बढ़ा तनाव
जानकारी के अनुसार, मुकेश सिंह गांव में पंचायत करने जा रहे थे। इसी दौरान सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने उन्हें पोस्ट डिलीट करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
फोन कर बुलाए गए आरोपी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद प्रमोद सिंह ने अपने बेटों सोनू और मोनू को फोन कर मौके पर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद दोनों अपने गुर्गों के साथ पहुंचे और मुकेश सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
तीन राउंड फायरिंग का दावा
ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर करीब तीन राउंड फायरिंग हुई। गोलीबारी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि मुकेश सिंह इस हमले में बाल-बाल बच गए।
कई थानों की पुलिस कर रही छापेमारी
घटना के बाद हाथीदह, मरांची और पंचमहला समेत कई थानों की पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस सोनू-मोनू और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और तलाशी अभियान चला रही है।
ये भी पढ़ें:
सासाराम मंडलकारा में कैदी की मौत से हड़कंप! इलाज के दौरान टूटी सांस, परिजनों ने उठाए बड़े सवाल
एसडीपीओ ने क्या कहा?
एसडीपीओ रामकृष्णा ने बताया कि पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव में सरपंच पति एवं मुखिया पति के बीच कहासुनी के दौरान विवाद हुआ था। इसी दौरान मुखिया पुत्र एवं कुख्यात अपराधी सोनू कुमार ने भय का माहौल कायम करने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की। पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।