केन्द्रीय राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने विधानसभा चुनावों के रण में एक तीर से दो निशाने साधे हैं। अपने ट्वीटर हैंडल पर एक वीडियो अपलोड कर गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार और लालू यादव दोनों को लपेटे में ले लिया है।
जो वीडियो गिरिराज ने अपलोड किया है उसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक तांत्रिक से मुलाकात करते दिख रहे हैं जिसमें तांत्रिक उनके गले से लिपटकर लालू मुदार्बाद कर रहा है।
इस वीडियो की प्रमाणितकता और समय के बारे में तो पता नहीं चल पाया है लेकिन माना जा रहा है यह वीडियो बीते साल लोकसभा चुनावों में नीतीश कुमार की हार के बाद का है। जब वह सीएम पद से इस्तीफा देकर एक परिचित एमएलसी के घर गए थे वहीं उनकी मुलाकात इस तांत्रिक से हुई।
लालू का शैतान उतरबाने नितिश पहुँचे तांत्रिक के पास। नितिश के बाबा बोले 'लालू मुर्दाबाद' https://t.co/LNuJ1xeuCk— Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) October 23, 2015
तांत्रिक ने लगाए लालू मुर्दाबाद के नारे
तांत्रिक एक अघौरी बताया जा रहा है। इस संबंध में जब लालू यादव से पूछा गया तो उन्होंने खुद को महातांत्रिक बताते हुए इस वीडियो को ही खारिज कर दिया। कहा ये वीडियो सीडियो क्या है, कुछ नहीं हम तो महातांत्रिक हैं।
वहीं केन्द्रीय मंत्री और चुनाव प्रभारी अनंत कुमार ने इस पर चुटकी लेते हुए कहा कि तांत्रिक भी जंगलों में ही रहते हैं और लालू को भी जंगलराज ही पसंद है। दूसरी ओर गिरिराज सिंह द्वारा जारी किए गए इस वीडियो की टाइमिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं।
वीडियो जारी कर उन्होंने आरोप प्रत्यारोपों की राजनीति को और हवा दे दी है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो अचानक इस वीडियो को जारी करने का मकसद बीते कई दिनों से भाजपा के खिलाफ बन रहे माहौल को हल्का करना है।
मुद्दों से ध्यान हटकाने की कवायद
जिससे हरियाणा में दलित बच्चों की जघन्य हत्या और उसके बाद केन्द्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह के विवादित बयान पर मचे बवाल की तपिश कुछ शांत हो सके। इन मुद्दों को लेकर बिहार में ही लालू और नीतीश ने लगातार भाजपा पर जबरदस्त हमला बोल रखा है।
गिरिराज सिंह द्वारा जारी किए गए वीडियो को मीडिया ने भी हाथों हाथ लपक लिया। इससे पहले भी गिरिराज सिंह लालू के बेटे का एक वीडियो जारी कर चुके हैं जिसमें वह नीतीश कुमार को अपशब्द कहते दिख रहे हैं।
आप भी देख सकते हैं वो वीडियो जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गले से लिपटकर तांत्रिक लगा रहा है लालू यादव मुर्दाबाद के नारे।